उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के लिए खतरा बने बदमाशों के खिलाफ यूपी पुलिस का सख्त एक्शन जारी है। सोमवार को आजमगढ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
जहानागंज थाना क्षेत्र के अमठा गोपालपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू यादव की हत्या करने जा रहे 50 हजार के ईनामी राकेश पासी को सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे गोपालपुर गांव के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने ढेर दिया।
जबकि उसका साथी मऊ जिले के चिरैयाकोट निवासी पप्पू पासी (30) गोली लगने से घायल हो गया। वहीं बदमाशों की गोली से सर्विलांस सेल का सिपाही भी घायल हो गया। बदमाशों के पास से दो पिस्टल, एक तमंचा, छह खोखे और एक चोरी की बाइक बरामद हुई।
राकेश पर आजमगढ़ सहित आसपास के जिलों में लूट, हत्या, हत्या के प्रयास के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को राकेश की काफी दिनों से तलाश थी। एसपी रविशंकर छवि ने बताया कि अमठा गोपालुर गांव निवासी राकेश यादव उर्फ गुड्डू ग्राम प्रधान का प्रतिनिधि है।
रंजिशन राकेश पासी ने गुड्डू की हत्या करने की धमकी दी। गुड्डू की सूचना के बाद रविवार की शाम को ही एसपी ने एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया।
रविवार की रात से ही एसओ कंधरापुर अरविंद यादव और स्वाट प्रभारी राजेश उपाध्याय के साथ उसका लोकेशन लेने लगे। जबकि सीओ सिटी, सीओ लालगंज के नेतृत्व में जगह-जगह वाहनों की तलाशी ली जाने लगी।