महिला सुरक्षा, सम्मान और मिशन शक्ति अभियान में थानेदारों को शत प्रतिशत योगदान देना होगा। ऐसा नहीं करने वाले थानेदारों को कुर्सी छोड़नी होगी। यही नहीं, विभागीय कार्रवाई तक भी हो सकती है। यह हिदायत पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने तीन जोन काशी, गोमती और वरुणा के थानेदारों को दी है।
मिशन शक्ति 5.0 के अभियान और उपलब्धियों की समीक्षा में थानेदारों की रुचि और भागीदारी नहीं लेने की रिपोर्ट पुलिस आयुक्त के पास पहुंची है। अभियान के दौरान सभी थानेदारों की अंतिम रिपोर्ट कार्ड पुलिस आयुक्त के पास भेजी जाएगी। इस आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, बेहतर काम करने वाले थानेदारों को मंच से सम्मानित भी किया जाएगा।
महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान में सभी थानों के माध्यम से अब तक की गई कार्रवाई का विश्लेषण किया गया। पुलिस आयुक्त ने महिला अपराध की रोकथाम, पीड़ितों को न्याय व सहायता, जागरूकता कार्यक्रमों के प्रभाव और भविष्य की रणनीतिक योजनाओं पर जोर दिया है। मंशा है कि शोहदों पर पुलिस मौके पर ही ऐसी कड़ी कार्रवाई करे, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
इसे भी पढ़ें; Ropeway Varanasi: खराबी आई तो स्विट्जरलैंड से रोपवे ठीक कर देंगे इंजीनियर, 38 टावर पर लगाए गए 228 सेंसर
हर गांव में महिला बीट कांस्टेबल की ओर से चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं समझें व शोहदों को चिह्नित करें। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एडीसीपी महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव से कहा कि है कि कि एंटी रोमियो स्क्वॉड हर दिन स्कूल, कॉलेज, बाजार, पुलिया पर चेकिंग करे। महिला संबंधी अपराधों के संबंध में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और जनसामान्य की शिकायतों पर तुरंत प्रतिक्रिया देने पर जोर दिया है।