बगैर मास्क के 4738 व्यक्तियों पर हुई कार्रवाई
सुबह से रात तक कुल 4738 व्यक्तियों से वसूला गया 4,76,650 रुपये जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। मास्क व गमछा लगाने में लापरवाही बरतने वालों पर शुक्रवार को भी पुलिस की कार्रवाई जारी रही। सुबह से रात तक कुल 4738 व्यक्तियों से 4,76,650 रुपये जुर्माना जमा कराया गया। इस दौरान पुलिस ने अकारण घूमने वाले 36 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। वहीं 693 व्यक्तियों के विरुद्ध आपदा प्रबंध अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 14 बार्डर प्वाइंट व 49 पुलिस नाकों पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए पुलिस ने कुल 1973 वाहनों का चालान और 12 वाहनों को सीज व 186 वाहनों से 1,71,900 शमन शुल्क वसूला गया। जनपद के विभिन्न थानों पर अब तक कुल 684 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिसमें 11776 व्यक्तियों के विरुद्ध आपदा प्रबंध अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है, जिसमें 4,082 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगभग 1,44,534 वाहनों का चालान व 1,189 वाहनों को सीज किया गया। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि अनावश्यक और बगैर मास्क के घूमने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।