वाराणसी। कोरोना पॉजिटिव लोगों के कारण हॉट स्पॉट घोषित मोहल्लों में 55 वर्ष से अधिक आयु के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। जो पुलिसकर्मी अस्थमा, रक्तचाप और शुगर जैसी बीमारियों से पीड़ित हैं, उनकी ड्यूटी भी हॉट स्पॉट घोषित मोहल्लों में नहीं लगाई जाएगी।
नगर निगम चौकी के एक दरोगा सहित आठ पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद से पुलिसकर्मियों को कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। थानों, चौकियों और बैरकों को सैनिटाइज कराने के साथ ही पुलिसकर्मियों की थर्मल स्क्रीनिंग और जांच भी कराई जा रही है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मंगलवार को बताया कि पुलिसकर्मियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। कहा गया है कि जो पुलिसकर्मी 55 वर्ष की आयु से ज्यादा के हैं या बीमारियों से पीड़ित हैं, उनकी ड्यूटी हाटस्पॉट घोषित मोहल्लों में न लगाकर अन्यत्र लगाई जाए। इसके साथ ही रोजाना पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया जा रहा है कि वह मास्क और ग्लब्स जरूर पहनें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर समय-समय पर हैंडवाश या सैनिटाइजर से हाथ साफ करते रहें। जिस किसी भी पुलिसकर्मी को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की दिक्कत हो वह डॉक्टर को दिखाने में देरी न करें।