वाराणसी। रोहित सिंह उर्फ सनी गैंग के दो शूटरों को पुलिस ने रविवार की दोपहर सेंट्रल जेल रोड पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक पिस्टल, एक तमंचा और पांच कारतूस बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दोनों बदमाश शहर के एक कारोबारी की हत्या करने की योजना में थे।
बलिया के एक आभूषण कारोबारी से लूट और गाजीपुर के एक कारोबारी की भी हत्या का प्लान था। हत्थे चढ़े बदमाशों में एक लंका और दूसरा गाजीपुर के सैदपुर का रहने वाला है।
इंस्पेक्टर कैंट प्रदीप सिंह चंदेल और क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि लंका निवासी सनी सिंह गैंग के दो शूटर लंका के सीर गोवर्धन निवासी अशोक यादव और गाजीपुर के सैदपुर, पक्का घाट निवासी मोहित शहर में हैं।
सनी के कहने पर दोनों किसी कारोबारी की हत्या करने वाले हैं। सर्विलांस की मदद से पुलिस उन पर नजर रख रही थी। रविवार की दोपहर सूचना मिली कि दोनों सेंट्रल जेल रोड पर अपने किसी साथी का इंतजार कर रहे हैं। एसपी क्राइम राहुल राज के निर्देश पर कैंट पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने घेरेबंदी कर अशोक और मोहित को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि 12 दिसंबर को वह सनी के साथ बड़ी पियरी में एक व्यक्ति को मारने गए थे लेकिन सफलता नहीं मिली। चार जनवरी को रोहनिया पुलिस पर हुए जानलेवा हमले में भी वे शामिल थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। अशोक यादव पर पूर्व में पांच हजार का इनाम भी घोषित था।