उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में पुलिस टीम ने अंतर प्रांतीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पास से चोरी के 11 चाहपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस चोर गिरोह ने भाजपा विधायक की भी गाड़ी चुराई थी। चोर एआरटीओ विभाग के कुछ दलालों से फर्जी कागजात तैयार कर बेचते थे।
गिरोह के इमरान खां ने कहा कि चार पहिया वाहनों का लॉक तोड़ने और डुप्लीकेट चाभी से स्टार्ट करने में करीब आधा घंटा का समय लगता है। यह खुलासा सोमवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली में एसपी आरपी सिंह ने पत्रकारों के सामने किया।
एसपी ने बताया कि जिले से सटे एमपी व बिहार से चार पहिया वाहन चोरी करने वाले बदमाश जिले से कई वाहनों को चुरा ले गए थे। एएसपी अरुण कुमार दीक्षित, सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी के नेतृत्व में टीमें बनाई गई थीं।
सटीक सूचना पर रविवार की शाम करीब सवा सात बजे सुकृत में बैजू बाबा मंदिर के समीप क्राइम ब्रांच प्रभारी वीके सिंह, अपराध शाखा के प्रभारी देव प्रकाश और कोतवाल भारत भूषण तिवारी ने चोरी की दो बोलेरो के साथ चारों चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
जिसमें ओबरा थाना क्षेत्र के बैरपुर निवासी सुरेंद्र कुमार उर्फ सुनील, प्रतापगढ़ के कन्हई थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी इमरान खां, जौनपुर के जुनेर थाना क्षेत्र के पूरा बेचू निवासी अनिल और शाहगंज थाना क्षेत्र के छबुआ निवासी गुलाब की निशानदेही पर नौ बोलेरो और एक तवेरा को बरामद किया। आरोपी वाहनों को छत्तीसगढ़ बेचने ले जा रहे थे।