लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बिजली निगम से मांगा तीन दिन का शटडाउन
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। जिले में वाराणसी-आजमगढ़ रोड पर सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। यहां टू लेन और फोर लेन बनाए जाने वाली सड़क के बीच में जो भी पोल आएंगे उनको हटाया जाएगा। इसके लिए लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बिजली निगम के अधिशासी अभियंता नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय को पत्र भेजकर 17 से 19 अक्तूबर तक सोयेपुर फीडर से हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन की मांग की है।
वाराणसी-आजमगढ़ रोड पर 2.40 किलोमीटर में 2 लेन और 4.10 किलोमीटर पांडेयपुर चौराहे से रिंगरोड तक 4 लोन में चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाना है। इसके लिए जो भी अतिक्रमण आ रहा हैं, उसको हटाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से बिजली निगम को जो पत्र भेजा गया है, उसमें बताया गया है कि 11 केवीए सोयेपुर फीडर से तीन दिन तक तीन घंटे शटडाउन होने से पोल शिफ्टिंग हो सकेगी। उन्होंने इसकी कॉपी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य अभियंता बिजली निगम समेत अन्य अधिकारियों को भी दी है।