पूरा देश जहां 11 नवंबर (बुधवार) को दीवाली मनाएगा, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव में चार दिन पहले ही घर-आंगन दीयों से सज जाएंगे।
सात नवंबर को सांसद आदर्श ग्राम योजना की पहली वर्षगांठ जयापुर में धूमधाम से मनाई जाएगी। घर-आंगन की दीयों से सजावट के साथ ही यहां विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच इसी दिन जयापुर गांव अपना जन्मदिन भी मनाएगा।
गांव के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा इस तरह से तैयार की गई है कि उसमें हर आयु वर्ग के लोगों का जुड़ाव हो सके। जयापुर में ग्राम गौरव दिवस कार्यक्रम की कमान ‘फ्रेंड्स आफ बीजेपी’ संभाल रही है।
बात अगर जयापुर गांव की करें तो मंगलवार को पौधरोपण से पांच दिवसीय महोत्सव की शुरुआत हो गई।
‘फ्रेंड्स आफ बीजेपी’ से जुड़े धैर्यवर्धन सिंह की अगुवाई में महोत्सव के पहले दिन गांव में नीम, आंवला, कदम, शीशम आदि के 51 पौधे रोपे गए।
पौधरोपण का अभियान सात नवंबर तक चलेगा। इस दौरान गांव में कुल 365 पौधे लगाए जाएंगे। पौधे सृजन सामाजिक विकास न्यास के अनिल कुमार सिंह ने उपलब्ध कराए हैं।
प्रधान प्रतिनिधि नारायण पटेल ने बताया कि छह नवंबर को दस से 18 साल तक के छात्र-छात्राओं के बीच आदर्श ग्राम निबंध लेखन और आदर्श ग्राम चित्रकला प्रतियोगिता होगी।
इसी कड़ी में गृह सज्जा प्रतियोगिता भी होगी। इस प्रतियोगिता के तहत गांव की महिलाएं अपने घरों की रंगोली, तोरणद्वार, वंदनवार से सजाएंगी। दीवारों पर स्वागत वाले नारे लिखे जाएंगे।
घर-आंगन को दीयों से सजाया जाएगा। बताया कि सात नवंबर को ग्राम गौरव दिवस विषयक संगोष्ठी में भाजपा के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। इस समारोह में गांव के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का सम्मान किया जाएगा।
समारोह में मौजूद गांव के लोग जयापुर को नशामुक्त गांव, विवाद मुक्त गांव, ऋण मुक्त गांव और पर्यावरण युक्त गांव बनाने की शपथ लेंगे।
दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत दीयों से भारत का मानचित्र बनाकर उसमें जयापुर को दर्शाया जाएगा।