...शिक्षकों की हड़ताल का संज्ञान, मांगा जवाब
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के संविदा शिक्षकों के सत्याग्रह का पीएमओ ने संज्ञान ले लिया है। पीएमओ ने जिला प्रशासन से मामले की जानकारी मांगी तो जिलाधिकारी ने कुलसचिव को पत्र भेजकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पीएमओ ने जिला प्रशासन से पत्र लिखकर पूछा है कि काशी विद्यापीठ में संविदा शिक्षक चार महीने से वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। बता दें कि काशी विद्यापीठ के मुख्य परिसर, गंगापुर और एनटीपीसी के 78 संविदा शिक्षक दो नवंबर से सत्याग्रह कर रहे हैं।
शिक्षकों का कहना है कि कोरोना काल में उनसे मौखिक आदेश के जरिए काम भी लिया गया, लेकिन वेतन नहीं दिया गया। वहीं 17 नवंबर को कुलपति ने विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाने की बात कही थी, लेकिन वह भी नहीं हो सकी।
बुधवार को शिक्षकों ने कुलपति से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया। सत्याग्रह स्थल पर डॉ. मानिक चंद्र पांडेय, डॉ. आनंद यादव, मदनलाल, राजेश कुमार, रमेश मिश्रा आदि मौजूद रहे। कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य ने बताया कि जिला प्रशासन के पत्र का जवाब दिया जाएगा।