उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में शनिवार को पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के कर्ज माफ करने की घोषणा को चुनावी छल बताते हुए कांग्रेस को आड़े हाथ लिया।
पीएम मोदी ने कहा कि कर्जमाफी के मुद्दे पर मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वहां के किसान खाद के लिए लाइन लगाने के बावजूद लाठियां खा रहे हैं, जबकि चोर दरवाजे से कर्नाटक में सरकार बनाने वाली कांग्रेस ने लाखों किसानों का कर्ज माफ करने के दावे के बावजूद केवल 800 किसानों का कर्ज माफ किया।
इसी तरह 2009 में कर्जमाफी का वादा करने वाली केंद्र की कांग्रेस सरकार ने भी छह लाख करोड़ के कर्ज में से सिर्फ 60 हजार करोड़ का ही ऋण माफ किया था। प्रधानमंत्री जिले के आरटीआई मैदान में राजभर समुदाय के तत्कालीन महाराजा सुहेलदेव के सम्मान में डाक टिकट और गाजीपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लालीपॉप देने वाली और झूठ बोलने वाली पार्टी है। इस बेईमानी से सावधान रहें। भाजपा तात्कालिक राजनीतिक फायदे के लिए कोई काम नहीं करती है। हम वोट बटोरने के लिए फैसले नहीं लेते। साढ़े चार साल में केंद्र और डेढ़ साल में प्रदेश सरकार ने फीता काटने की संस्कृति को बदल दिया है।