प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वाराणसी दौरे पर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तैयारियों की जानकारी लेने के साथ-साथ 21 से 23 जनवरी तक काशी में होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन और साढ़े चार साल के अपने कार्यकाल में पूरी हुई और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके लिए पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन तैयार किया गया है।
इससे पहले पीएम दीनदयाल हस्तकला संकुल में प्रयागराज कुंभ पर तैयार कॉफी टेबल बुक और एक जिला एक उत्पाद पर कैटलॉग का विमोचन करेंगे। प्रदेश सरकार की ओर से चलो कुंभ पर तैयार कॉफी टेबल बुक में अखाड़ों के शाही स्नान से लेकर संत पंडाल, देवस्थान सहित अन्य जानकारियां समाहित की गई हैं।
अपने संसदीय क्षेत्र के 16वें दौरे में प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के प्रजेंटेशन में नक्शा, भवनों की खरीद, धवस्तीकरण और मंदिर में हेल्प डेस्क सहित श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू कार्यों को शामिल किया गया है।
विकास कार्यों में केंद्र में एनडीए सरकार बनने के बाद वाराणसी में पूरे हो चुके और चल रहे काम शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही जनवरी में होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी भी पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन से लेंगे। रिंग रोड किनारे बन रहे टेंट सिटी में भी प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।