वाराणसी। बीएचयू में बनकर तैयार अस्थायी कोविड अस्पताल का उद्घाटन 10 मई के बाद वर्चुअल समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। जिसके बाद 750 बेड का अस्पताल मरीजों के लिए खोल दिया जाएगा। राजधानी लखनऊ के बाद वाराणसी को भी अस्थायी कोविड अस्पताल की सौगात मिल जाएगी। जिला प्रशासन इसकी तैयारियों में जुटा है।
बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान पर डीआरडीओ की कड़ी मेहनत से 750 बेड का अस्थायी कोविड अस्पताल तैयार हो चुका है। शनिवार को अस्पताल में ड्राई रन की प्रक्रिया शुरू होगी जो 48 घंटों तक चलेगी। सभी उपकरणों की जांच की जाएगी। फिर मरीजों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। संभावना है कि अगले सप्ताह से मरीजों को भर्ती किया जाएगा। डीआरडीओ ने युद्ध स्तर पर काम कर हाईटेक कोविड अस्पताल को 16 दिन में तैयार किया है।
सेना के डॉक्टर भी करेेंगे इलाज
बीएचयू के एंफीथिएटर स्टेडियम में बने इस अस्पताल में 250 आईसीयू के बेड हैं। इसके अलावा 500 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध है। सेना के साथ ही बीएचयू के डॉक्टर भी मरीजों का इलाज करेंगे। नर्स और टेक्नीशियन की तैनाती के लिए स्थानीय स्तर पर इंटरव्यू लिए गए हैं। जल्द ही नियुक्ति हो जाएगी।
रेफरल केस और गंभीर मरीज होंगे भर्ती
जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि अस्पताल में अन्य अस्पतालों के रेफरल केस और गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। सीधे मरीजों को एडमिट नहीं किया जाएगा। अगर बेड खाली रहते हैं तो बाद में मरीजों को एडमिट किया जा सकता है। आसपास के जिलों से भी रेफर मरीजों का यहां इलाज होगा।
तीन जोन में बंटा है अस्पताल
जिलाधिकारी ने बताया कि तीन जोन में बनाए जा रहे अस्पताल में 250 बेड का एक जोन होगा। इसमें वेंटिलेटर से लेकर सभी जीवनरक्षक इंतजाम होंगे। अन्य दो जोन में भी ऑक्सीजन के बेड हैं। उन पर भी एचएफएनसी और बाईपेप का इंतजाम इमरजेंसी के लिए रहेगा। यह भी 50-50 की संख्या में मोबाइल तौर पर रहेंगे।