प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे अब चिंता नहीं होती कि इतने सारे लोग आएंगे तो बनारस में सब कैसे मैनेज होगा। काशी के लोग मुझे सिखा देते हैं, मैं उनको कुछ सिखा नहीं सिखता। जी-20 में दुनियाभर के लोगों का इतना अच्छा आदर और स्वागत काशीवालों ने किया कि आज पूरी दुनिया में काशी की वाहवाही हो रही है। काशी के लोग सब संभाल लेते हैं। आप लोगों ने विश्वनाथ धाम और पूरे परिसर को इतना भव्य बना दिया है कि जो यहां आ रहा है गदगद होकर जा रहा है। ये बाबा की इच्छा ही थी और हम उसे पूरा करने का निमित्त बन पाए।
वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। रोजगार के नये अवसर बना रहे हैं। पिछले साल 7 करोड़ से अधिक पर्यटक काशी आए। पर्यटक 12 गुना बढ़े तो इसका सीधा लाभ रिक्शा वालों, ढाबा होटल संचालकों, दुकानदारों, पान वाले, साड़ी कारोबारी, नाव चलाने वाले साथियों को हुआ। गंगा आरती के वक्त नाव पर कितनी भीड़ होती है, ये देखकर मैं भी हैरत में पड़ जाता हूं। बाबा के आशीर्वाद से काशी की विकास यात्रा ऐसे ही चलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास और विरासत की परंपरा को काशी से मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में काशी ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। इसे देश व दुनिया के लोग देख भी रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भारत को दुनिया में नई पहचान दिलाने का काम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की देर शाम वाजिदपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ह्दय में काशी व काशी के लोग बसते हैं। वह हमेशा मेरी काशी से संबोधन की शुरुआत करते हैं। व्यस्तता के बाद भी अपनी काशी में आते हैं। प्रधानमंत्री जब भी आते हैं, विकास की सौगात लेकर आते हैं। इस बार सावन में 12 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। अपनी काशी में आए प्रधानमंत्री का काशीवासियों व यूपी की जनता के तरफ से अभिनंदन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ वर्षों के सफल कार्यकाल के बाद अपने संसदीय क्षेत्र काशी आए हैं। उन्होंने देश की 140 करोड़ जनता का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया। देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा को मजबूत बनाने का काम किया। अब कोई भी देश भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता। भारत के प्रति दुनिया की धारणा बदली है। नया भारत अपनी बात दमदारी से रखता है। भारत जी-20 देशों के समूह की अध्यक्षता कर रहा है। इसकी साक्षी काशी बनी है। जी-20 देशों से आए प्रतिनिधियों ने काशी की खूबसूरती को निहारा है। धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत को देखकर अचंभित हुए हैं।