प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर काशी में नमो सेवा-अनकही कहानियां नाट्य प्रस्तुति का आयोजन होगा। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत यह विशेष मंचन उनकी सेवा, संघर्ष और सुशासन की यात्रा को अभिनय, संगीत और प्रभावशाली संवादों से जीवंत करेगा।
सोमवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में ये जानकारी महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से यह जनसंवाद का प्रयास है। कलाकार गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा के प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
इसमें सेवा, संघर्ष, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विषय शामिल होंगे। नाट्य प्रस्तुति के अलावा स्कूलों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम होंगे। इनका उद्देश्य युवाओं और आमजन को राष्ट्रनिर्माण के संकल्पों से जोड़ना है।
नमो सेवा गाथा के तहत वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में 15 सदस्यीय कलाकारों का दल नुक्कड़ नाटकों का मंचन करेगा। ये नाटक जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक दायित्वों का संदेश देंगे। छह से नौ अक्तूबर तक डेलवरिया मंदिर, गुरुनानक चौराहा सहित आठ स्थानों पर प्रस्तुतियां होंगी।
वहीं, 10 से 14 अक्तूबर तक प्रह्लाद घाट, थाना चौक और अन्य आठ स्थलों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। इस दौरान उपाध्यक्ष कुसुम पटेल, महामंत्री अशोक जाटव, अजय गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रमील पांडेय, सह मीडिया प्रभारी अशोक कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।