मुंशी प्रेमचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पांडेयपुर से दो बजे से रोड शो की शुरुआत करेंगे। इनके अलावा सरदार वल्लभ भाई पटेल और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण करेंगे।
रोड शो के बाद पीएम महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में जनसभा और डीरेका में प्रबुद्ध मिलन सम्मेलन में भाग लेंगे। पांडेयपुर से लेकर काशी विद्यापीठ तक सड़क के दोनों ओर भाजपा के चुनाव चिह्न लगाए गए हैं।
आकर्षक गुब्बारों के अलावा कई जगहों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। कई जगहों पर महिला संगठनों की ओर से पीएम का भव्य स्वागत किया जाएगा। जिस मार्ग से पीएम का रोड शो गुजरेगा वहां आस पास के मकानों की भी सजावट की गई है।
पार्टी के अनुसार विधानसभा प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो 2 बजे से शुरू होगा। जो पांडेयपुर चौराहे से हुकुलगंज, चौकाघाट, तेलियाबाग, पटेल धर्मशाला, सिंह मेडिकल चौराहा, मलदहिया, पटेल चौक होते हुए शाम 6 बजे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में परिवर्तन संकल्प रैली को संबोधित करेंगे।
यहां से डीरेका गेस्ट हाउस में रात 8:30 बजे प्रबुद्ध मिलन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद रात्रि विश्राम करेंगे।