काशी विश्वनाथ धाम को रोपवे परियोजना से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी योजना की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ जनवरी को फिर वाराणसी आ सकते हैं। पीएम के अगले दौरे की मौखिक सूचना प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जिला प्रशासन को भेज दी गई है। आठ जनवरी को प्रस्तावित दौरे में पीएम कैंट स्टेशन से गिरिजा घर चौराहे तक रोपवे की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही खिड़किया घाट जाकर वहां लोकार्पित करेंगे और गंगा में स्थानीय जल परिवहन को गति देंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी के 23 दिसंबर के दौरे के बाद फिर प्रशासन उनके आगमन की तैयारियों में जुटेगा। पीएम मोदी के आठ जनवरी के वाराणसी आने की मौखिक सूचना के बाद अब नए सिरे से परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास की तैयारी कराई जा रही है। इसमें 410 करोड़ रुपये की रोपवे परियोजना, 250 करोड़ रुपये की कमिश्ररी परिसर में 19 मंजिला सिग्नेचर बिल्डिंग का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही करीब 40 करोड़ में तैयार खिड़किया घाट का लोकार्पण करेंगे। पीएम आठ जनवरी के दौरे में काशी विश्वनाथ धाम भी जा सकते हैं। पीएम के आगमन की सूचना के बाद दिसंबर में पूरी हो रही परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन भी शुरू करा दिया गया है।