पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाई और सिटी स्टेशन से मेमू ट्रेन को रवाना किया गया
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी-गाजीपुर सिटी-बलिया रेल खंड के विद्युतिकरण का लोकार्पण किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पीएम ने वाराणसी सिटी से वाराणसी-गाजीपुर सिटी-बलिया मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही रेलखंड पर बिजली चालित सवारी गाडि़यों का संचालन शुरू हो गया।
खास अवसर के लिये वाराणसी सिटी के प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़े मेमू के रैक को खूबसूरत ढंग से सजाया गया था। लोकार्पण से पूर्व जहां एक ओर चालक पॉयलट व सहयोगी इंजन की जांच में जुटे रहे तो वहीं बोगियों में आरपीएफ, जीआरपी सुरक्षा जांच करती दिखी।
ट्रेन के काशी तरफ के इंजन के सामने बड़ी एलईडी लगाई गई थी जिसपर पीएम मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण चल रहा था। मेमू के बगल खड़ी कृषक एक्सप्रेस के साथ ही अन्य ट्रेनों के यात्री पीएम मोदी के लाइव कार्यक्रम को देखने में मशगूल नजर आए।
जैसे ही पीएम मोदी मंच पर पहुंचे रेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से 40 मिनट देरी से लगभग 5:10 मिनट पर प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाई। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच ट्रेन आगे बढ़ी।
प्लेटफार्म पर खड़े लोगों ने हाथ हिलाकर अंदर बैठे यात्रियों को विदा किया तो वहीं यात्रियों ने भी हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। वाराणसी-बलिया के बीच मेमू चलाए जाने को लेकर यात्री खासा उत्साहित नजर आये।
लखनऊ के पायलट व को पायलट राजीव पांडेय व किसलय ने परिचालन की जिम्मेदारी संभाली। इस ट्रैक पर पहली बार चलाई जा रही मेमू के परिचालन दल का हिस्सा होने पर खासा उत्साहित दिखे।
विद्युतिकरण से जुड़ी प्रमुख बातें
मंडुवाडीह से शुरू होने वाली नई मेमू ट्रेन
- फोटो : अमर उजाला
- इस परियोजना पर 250 करोड़ रुपये खर्च आया
- रेल रूट की लंबाई 139.05 किलोमीटर
- इस परियोजना के पूरा हो जाने पर दिल्ली-हावड़ा तथा लखनऊ-कटिहार रेल खंडों से सीधा जुड़ जायेगा
- विद्युत चालित रेल इंजन से महत्वपूर्ण गाडि़यां जैसे डिब्रूगढ़ राजधानी इस खंड से चल सकेंगी।
मेमू की खास बातें
खड़ी ट्रेन के अंदर का दृश्य
- फोटो : अमर उजाला
- नौ डिब्बों की मेमू ट्रेन में लगभग 1800 यात्री एक साथ कर सकेंगे सफर
- दोनों तरफ ड्राइविंग केबिन होने के चलते दोनों दिशाओं में संचालन
- ट्रेन में एक्सलेरेशन व ब्रकिंग तेज होने के कारण कम स्टापेज में अधिक गति से संचालन
- वाराणसी सिटी से शाम 5:40 बजे प्रस्थान कर रात 9:20 पर बलिया पहुंचेगी।
- भोर 4:45 बजे बलिया से चलेगी और 8:20 बजे वाराणसी सिटी आएगी।
- औडि़हार जंक्शन और गाजीपुर सिटी सहित विभिन्न स्टेशनों पर होगा ठहराव।
जब ओएचई का तार हिल उठा
मेमू ट्रेन
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी सिटी के प्लेटफार्म नंबर दो पर मेमू कुछ दूर ही चली थी कि अचानक ओएचई का तार खतरनाक तरीके से हिल उठा। इसके चलते आस-पास के लोग डर गए तो वहीं रेल के प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
कोई ट्रैक में जर्क को कारण बता रहा था तो कोई ओएचई के इंस्टालेशन में कमी निकाल रहा था। पिछले दिनों वाराणसी-गाजीपुर सिटी-बलिया रेल खंड के विद्युतिकरण कार्य के सीआरएस इंस्पेक्शन के दौरान कई कमियां सामने आई थीं।
सूत्रों की मानें तो इसपर परिचालन के लिए संबंधित अधिकारी तैयार नही थे। आनन-फानन में ट्रैक शुरू कर दिया गया पर अभी भी कई कमियां हैं। इनको समय रहते दूर नही किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नही किया जा सकता।