भारत माता मंदिर परिसर में डीएम के साथ अन्य अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में वाराणसी उनके ड्रीम प्रोजेक्ट रोपवे के पहले चरण के निर्माण कार्य के लिए जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने निरीक्षण किया। पहले चरण में कैंट स्टेशन से रथयात्रा तक के निर्माण कार्य के लिए किए गए सर्वे के अनुसार परिसरों और स्थलों का मौके पर डीएम ने जायजा लिया। 484 करोड़ के इस परियोजना को दिसंबर 2023 में पूरा किया जाना है।
डीएम ने वीडीए के टाउन प्लानर व एनएचएआई के फील्ड मैनेजर संग काशी विद्यापीठ परिसर में पड़ने वाले पिलर्स व भारत माता मंदिर परिसर में बनने वाले पिलर प्वाइंट का निरीक्षण किया। इसके बाद बगल की कॉलोनी, वसंत कन्या महाविद्यालय परिसर में पड़ने वाले पिलर के स्थलों का भी जायजा लिया।
संबंधित अधिकारियों को परियोजना की आगे की कार्यवाही पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि कैंट से गोदौलिया तक रोपवे का रूट प्रस्तावित है। पहले चरण में कैंट से रथयात्रा तक निर्माण होगा। इस रूट से बिजली के तार, भूमिगत पेयजल, टेलीफोन सहित अन्य लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा। लाइन शिफ्टिंग के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके निर्माण होने से दूर दराज से आने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी।