प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके अपने होश ठिकाने नहीं हैं, वे मेरे यूपी-काशी के युवाओं को नशेड़ी कह रहे हैं। विपक्षी गठबंधन लोगों को जाति के नाम पर भड़का और लड़वा रहा है। विपक्षी गठबंधन की ओर से यूपी के नौजवानों का अपमान, कोई नहीं भूलेगा। पीएम मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अमूल के दुग्ध प्लांट समेत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 36 परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद जनसभा में यह बात कही।
पीएम मोदी ने करखियांव अमूल प्लांट परिसर में कहा, मोदी को गाली देते-देते कांग्रेस ने दो दशक बिता दिए, लेकिन अब ईश्वर रूपी जनता जनार्दन पर ही ये लोग अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। कांग्रेस के शाही परिवार के युवराज जो कह रहे हैं, उसे सुनकर चौंक जाएंगे। युवराज काशी की धरती पर आकर कह रहे हैं, काशी के नौजवान, यूपी के नौजवान नशेड़ी हैं। यह कैसी भाषा है भाई। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं हैं, वे यूपी, काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं। अरे घोर परिवारवादियो, काशी का...यूपी का नौजवान तो विकसित यूपी बनाने में जुटा है...अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है।
गौरतलब है कि राहुल ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान काशी में कहा था कि उन्होंने युवाओं को नशे में धुत्त होकर सड़कों पर लेटे और रात में नाचते देखा है। यूपी का भविष्य नशे में है। पीएम ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग जानते नहीं कि बनारस ही नहीं, पूरे यूपी को पता है कि माल वही है, पैकिंग नई है। इस बार जमानत बचाने के लिए भी बहुत संघर्ष करना पड़ेगा। पीएम ने काशी में तीन जगह, बीएचयू परिसर, सीर गोवर्धन व करखियांव में कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। प्रदेश की 13,202 करोड़ की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण व 12 का शिलान्यास किया।
किसान और पशुपालक सबसे बड़ी प्राथमिकता
पीएम ने किसानों को आश्वस्त करते हुए फिर कहा कि किसान और पशुपालक हमेशा से भाजपा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहे हैं। हमने गन्ने का मूल्य बढ़ाया है। हमारी सरकार अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने के साथ अब अन्नदाता को उर्वरक दाता बनाने पर भी काम कर रही है। हम पशुपालकों को दूध के अलावा गोबर से भी कमाई के अवसर दे रहे हैं।
युवा शक्ति से डरते हैं परिवारवादी
घोर परिवारवादी हमेशा युवा शक्ति, प्रतिभा से डरते हैं। उनको लगता है सामान्य युवा को अवसर मिला, तो वह हर जगह चुनौती देगा। इन्हें वही पसंद आते हैं, जो उनकी जय-जयकार करते रहते हैं।
-नरेंद्र मोदी
दलित, वंचित, पिछड़ा व गरीब साथ...इसलिए बड़े काम कर पा रहा देश
पीएम मोदी ने संत गुरु रविदास की 647वीं जयंती पर सीर गोवर्धन में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। पीएम ने कहा, भारत इतने बड़े-बड़े काम इसलिए कर पा रहा है, क्योंकि दलित, वंचित, पिछड़ा व गरीब के लिए सरकार की नीयत साफ है। आपका साथ और विश्वास हमारे साथ है। विपक्षी गठबंधन के लोग अपने परिवार से बाहर किसी दलित, आदिवासी को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते।
चुनाव से पहले साथ आती हैं सपा-कांग्रेस
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर हमला करते हुए पीएम ने कहा, ये अपने परिवार और वोट बैंक से बाहर देख ही नहीं सकते। हर चुनाव के दौरान साथ आते हैं और जब परिणाम निल बटे सन्नाटा आता है, तो एक-दूसरे को गाली देते हुए अलग हो जाते हैं।