वाराणसी। नगर निगम की ओर से शहर के 100 पार्कों मेंं भजन संगीत बजाने का निर्णय लिया गया था। इस काम को 31 दिसंबर तक पूरा करना था। बावजूद इसके उद्यान विभाग की ओर से अभी भी 98 पार्कों में भजन संगीत बजना शुरू नहीं हो सका है।
16 नवंबर को नगर निगम कार्यकारिणी बैठक से पास होने के बाद यह घोषणा की गई कि शहर के सभी पार्कों में टहलने वालों को भजन और संगीत सुनने को मिलेगा। इसके बाद नगर निगम के सामने शहीद उद्यान पार्क और श्रीनगर काॅलोनी पार्क में संगीत बजने की शुरुआत हुई। इन दोनों के अलावा किसी भी पार्क में भजन संगीत बजाने के लिए उपकरण नहीं लगाए गए।
शहीद उद्यान और श्रीनगर काॅलोनी के पार्क में भजन संगीत शुरू होने के बाद यहां टहलने वालों की संख्या में इजाफा हुआ। बाकी पार्कों में अभी तक सन्नाटा छाया है। उद्यान विभाग के उद्यान अधीक्षक केएस पांडेय ने बताया कि सामान्य विभाग को प्रस्ताव बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी ओर से प्रस्ताव बनेगा। इसके बाद पार्कों में लगाया जाएगा।