वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के रुइया मैदान पर ग्रीष्मकालीन शिविर में पावर और तकनीक की जानकारी के साथ चिकित्सकों ने खिलाड़ियों को हेल्थ टिप्स दिए। कोच वीरु यादव ने बताया कि खिलाड़ियों को खानपान की भी जानकारी दी जा रही है। बृहस्पतिवार को बाल रोग चिकित्सक डॉ. अभिषेक अभिनव ने बताया कि गर्मी में खेलने के पहले और बाद की डाइट पर विशेष ध्यान देना चाहिए। खेलने से पहले केला, उबले अंडे खाने चाहिए। हाइड्रेशन के लिए नींबू पानी, शहद, नारियल पानी या ओआरएस का घोल ले सकते हैं। खेलने के बाद तरबूज, आम या नारियल पानी, प्रोटीन के लिए उबले अंडे, दूध या पनीर-दाल ले सकते हैं। इस मौके पर डॉ. पंकज, डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को जानकारी दी। शिविर में बॉल पास करने के अलावा बॉल पर कंट्रोल के लिए ड्रिबलिंग की जानकारी दी गई। कोच वीरु यादव ने बताया कि तकनीक के अलावा बॉल को कंट्रोल करने की जानकारी दी गई। सबसे पहले आधे घंटे की दौड़ कराई गई।