यूपी के भदोही में अभ्यास मैच के दौरान फुटबॉल तालाब में चला गया। फुटबॉल को निकालने पहुंचे एक खिलाड़ी की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
जौनपुर जिले के बादशाहपुर निवासी हेमंत (20) भदोही के सुरियावां नगर स्थित यूनियन बैंक के पास किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वह लगभग आठ महीन से झिंगटपुर शहीद बाबा के पास स्थित एनएनएस क्रिकेट एकेडमी में कोचिंग करता था।
बुधवार की सुबह वह कोचिंग गया हुआ था। कोचिंग के बाद फिटनेस के लिए वह दोस्तों के साथ फुटबॉल का अभ्यास कर रहा था। अभ्यास के दौरान फुटबॉल पास में स्थित तालाब में चला गया।
फुटबॉल को निकालने के लिए वह तालाब में गया और गहरे पानी में जाने के कारण डूब गया। साथ में खेल रहे युवकों ने दौड़कर उसे पानी से बाहर निकाला लेकिन वह बेहोश हो गया था।
इसके बाद सुरियावां के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद उसे भदोही लेकर जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद पहुंचे परिजन शव लेकर घर चले गए।