उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म टिकट के दाम बढ़ा दिए हैं। वाराणसी रेलवे स्टेशन पर आज से प्लेटफॉर्म टिकट 30 रुपए में मिलेगा।आज से 5 नवंबर तक के लिए ये व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि त्यौहार के चलते प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ जाती है। इस को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया गया है।
बता दें कि अब तक प्लेटफॉर्म टिकट 10 रुपए में मिलता था। वाराणसी के अलावा मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों जिसमें लखनऊ, बाराबंकी जं,अयोध्या कैंट,अयोध्या,अकबरपुर,शाहगंज, जौनपुर जं, सुल्तानपुर जं, रायबरेली, जंघई,भदोही, प्रतापगढ़ एवं उन्नाव पर प्लेटफॉर्म टिकट तीस रुपए कर दिया गया है। इस निर्णय से केवल आवश्यक यात्री ही स्टेशन एवं प्लेटफॉर्म पर आएंगे और अनावश्यक भीड़भाड़ को रोका जाएगा। जिससे प्लेटफॉर्म पर आवागमन करने वाले यात्री अपनी यात्रा सुगमता पूर्वक कर सके। मंडल रेल प्रबंधक,लखनऊ श्री सुरेश कुमार सपरा ने इस विषय में जानकारी दी कि यात्री सुविधा के तहत मंडल पर प्लेटफॉर्म टिकट के मूल्य का पुनर्निर्धारण किया जा रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए यात्री सुविधाओं को एक सुनियोजित तरीके से प्रारंभ करने की व्यवस्थाएं अमल में लाई जा रही हैं।