पितरकुंडा इलाके में शुक्रवार को फिर सुतली बम मिलने से अफरातफरी मच गई। हाजी इस्लाम के घर के बाहर किसी ने 10 सुतली बम फेंके थे। सुबह करीब दस बजे इस्लाम ने देखा तो उन्होंने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने बमों को कब्जे में ले लिया। सारे बम निष्क्रिय थे। आए दिन बमों की बरामदगी से पितरकुंडा इलाके के आम लोगों में दहशत है।
बता दें कि पितरकुंडा में बीते 25 अक्तूबर को एक मकान में विस्फोट हुआ था। मकान में पटाखे रखे हुए थे। इसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद तलाशी अभियान चलाकर कई घरों से बम बरामद किए गए थे। इस मामले में मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दिया गया था। हालांकि जांच की गति बेहद धीमी है और दो महीने बाद भी अह तक मजिस्ट्रेटी जांच पूरी नहीं हो सकी है। अक्तूबर में हुए हादसे के बाद जर्जर मकान को गिराने का आदेश दिया गया था। वह जर्जर मकान भी अब तक ढहाया नहीं जा सका है।
उस घटना के बाद से कई बार आसपास के इलाके में बम बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए लोग अपने घरों में रखे बम बाहर फेंक देते हैं। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार की भोर में भी किसी ने हाजी इस्लाम के बाहर बम फेंक दिए थे। मामले की जांच की जा रही है।