विश्वेश्वरगंज पोस्ट आफिस के समीप शनिवार को जलकल की पेयजल पाइप लाइन टूट जाने से सैकड़ों घरों में पानी की सप्लाई बंद होने से रविवार को हाहाकार मच गया।
इस लीकेज को ठीक करने में जलकल को 24 घंटे का समय लग गया। पानी सप्लाई न होने से विशेश्वरगंज और कालभैरव इलाके में इससे करीब दो हजार परिवार पानी के लिए बेहाल रहे।
नागरिकों का कहना था कि पोस्टआफिस के समीप एक बिल्डिंग बन रही है। उसी के निर्माण के लिए शनिवार को दो ट्रक बालू लादकर आ रहा था। उसी दौरान पेयजल पाइप टूट गई।
नागरिकों का आरोप है कि इसकी शिकायत रात में ही जलकल विभाग के महाप्रबंधक बीके सिंह और क्षेत्रीय अवर अभियंता से की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रविवार को भी इसकी शिकायत की गई।
पानी का टैंकर भेजने के लिए कहा गया लेकिन उसे भी उपलब्ध नहीं कराया गया। किसी तरह हैंडपंप और दूसरे के निजी पंप के सहारे काम चलाया। गड़बड़ी ठीक करने में रविवार का भी पूरा दिन निकल गया।
इसके चलते शनिवार की शाम और रविवार को दिनभर लोगोें को पानी के लिए काफी दिक्कत उठानी पड़ी। शाम सात बजे के करीब फाल्ट ठीक होने पर इलाकें में सप्लाई शुरू हुई।
जलकल के अधिशासी अभियंता आरएस सक्सेना का कहना है कि लीकेज के चलते गड़बड़ी हुई थी। रात में फाल्ट को ठीक करने का प्रयास किया गया लेकिन उसमें कामयाबी नहीं मिली।
रविवार को उसे दुरुस्त कर सप्लाई चालू कर दी गई है।