यूपी के जौनपुर जिले में वाराणसी-इलाहाबाद हाईवे पर शुक्रवार अहले सुबह खड़े ट्रक में तेज रफ्तार पिकअप घुस गई। चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप का सामने का हिस्सा ट्रक के भीतर जा घुसा और ड्राइवर उसी में फंस कर रह गया।
क्रेन की सहायता से शव को निकाला गया। हादसा सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित हाईवे पर हुआ। चालक चन्द्रभास यादव(24) निवासी पराहित पोस्ट गगरिया थाना मछली शहर पिकअप पर कानपुर से सामान लेकर जौनपुर की तरफ आ रहा था।
उसे तभी अचानक नींद आ गई। जिससे पिकअप सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा होने लगी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पिकअप में फंसे चालक के शव को लोगों के सहयोग से क्रेन से निकाला गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।