नई दिल्ली। अब कला, विज्ञान, वाणिज्य और अन्य पाठ्यक्रमों के छात्र भी बिना जेईई एडवांस परीक्षा पास किए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) से पढ़ाई कर सकते हैं।
आईआईटी ने छात्रों और कामकाजी पेशेवरों के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री, अकाउंटेंसी, क्रिकेट एनालिटिक्स, एआई या एमएल में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) में विशेष कोर्स तैयार किए हैं, जिन्हें फ्री में उपलब्ध कराया जाएगा। आईआईटी विशेषज्ञों ने ये सभी छह कोर्स को राष्ट्रीय क्रेडिट फेमवर्क (एनसीआरएफ) के तहत तैयार किए हैं जो स्वयं प्लस पर ऑनलाइन माध्यम से चलेंगे। कोर्स के क्रेडिट उनकी डिग्री में जुड़ेंगे।
आईआईटी मद्रास के डीन प्लानिंग और स्वयं प्लस समन्वयक प्रोफेसर आर सारथी ने बताया कि इंजीनियरिंग के अलावा कला, विज्ञान, वाणिज्य आदि के छात्र और कामकाजी पेशेवर 25 से 48 घंटों के इन कोर्स की पढ़ाई कर सकते हैं।
इन कोर्स में सभी शैक्षिक पृष्ठभूमि के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के छात्र दाखिला ले सकते हैं। उच्च शिक्षण संस्थान आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए इन्हें क्रेडिट प्रोग्राम के तौर पर भी अपना सकते हैं। इन कोर्स का उदेश्य एआई को सभी विषयों में सुलभ बनाना है, ताकि इंजीनियरिंग के अलावा सभी एरिया के छात्र पढ़ाई कर सकें। इच्छुक उम्मीदवार 12 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ब्यूरो