काशी में सप्तऋषियों द्वारा स्थापित शिवलिंगों का भक्तों ने पौष कृष्ण पक्ष की तृतीया यानी रविवार को जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया। 40 भक्तों के दल ने साढ़े तीन घंटे तक पदयात्रा निकालकर पूजन किया। काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति के बैनर तले यात्रा सुबह जंगमबाड़ी स्थित कश्यपेश्वर महादेव और आड़िग्गेश्वर महादेव में दर्शन-पूजन के साथ निकाली गई। इसके बाद भक्तों ने गोदौलिया स्थित गौतमेश्वर महादेव, लोमसेश्वर महादेव, मध्यमेश्वर महादेव मंदिर के पास जगदग्नेश्वर महादेव, संकठा घाट स्थित वशिष्टेश्वर महादेव व मणिकर्णिका घाट स्थित पुलस्तेश्वर महादेव में जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया। संचालक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि ऋषियों द्वारा स्थापित इन शिवलिंगों के दर्शन-पूजन से देव, प्रसन्न होते हैं। 14 दिसंबर को नवग्रह यात्रा और 21 को चारधाम की यात्रा निकाली जाएगी।