दिल्ली, गुजरात, मुंबई से आने वाली ट्रेनों में दबाव अधिक
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। दीपावली में अब केवल चार दिन बचे हैं, ऐसे में दूरदराज रहने वाले लोग घर लौटने लगे हैं। कोई अकेले तो कोई परिवार के साथ आ रहा है। यही कारण है कि रेलवे स्टेशनों पर इन दिनों कुछ ज्यादा ही भीड़ दिख रही है। सबसे अधिक भीड़ दिल्ली, गुजरात, मुंबई और बिहार से आने वाली ट्रेनों में देखने को मिल रही है। त्योहार में लोगों को यात्रा करने में राहत मिले, इसके लिए उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। दीपावली के साथ ही छठ मनाने के लिए भी लोग घर पहुंचने लगे हैं। ट्रेनों में भीड़ का आलम यह है कि एसी में तो थोड़ी राहत हो रही है, लेकिन स्लीपर और जनरल कोच पूरे भरे पड़े हैं। मंगलवार को वाराणसी और बनारस रेलवे स्टेशन पर दिल्ली, लोकमान्य तिलक टर्मिनस के साथ ही अहमदाबाद से आने वाली ट्रेनों में अन्य दिनों की तुलना में भीड़ अधिक देखने को मिली। भीड़ बढ़ने को लेकर आरपीएफ की ओर से स्टेशनों पर निगरानी भी बढ़ा दी गई है। मंगलवार को मुंबई से आने वाली कामायनी एक्सप्रेस, एलटीटी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें भी फुल रही। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया गया है। चंडीगढ़-पटना आरक्षित विशेष एक्सप्रेस को 6 नवंबर को चंडीगढ़ तक चलाया जाएगा। यह ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई होते हुए लखनऊ मंडल के आलमनगर, सुल्तानपुर, वाराणसी होते हुए पटना तक जाएगी। दिल्ली सहित कई जगहों से भी वाराणसी तक ट्रेन चलाई जा रही है।
जनवरी से बदल सकता है महानगरी समेत कई ट्रेनों का नंबर रेलवे की ओर से अगले साल जनवरी से महानगरी सहित कई ट्रेनों के नंबर बदलने की तैयारी है। ऐसा इसलिए कि इन ट्रेनों को अब सुपरफास्ट की जगह नॉन सुपरफास्ट के रूप में चलाया जाएगा। इसमें बनारस स्टेशन से चलने वाली महानगरी एक्सप्रेस और बनारस एलटीटी एक्सप्रेस भी शामिल है। इन ट्रेनों के नंबर बदलने संबंधी घोषणा भी अधिकारिक रूप से जल्द ही करने की तैयारी है।