नगर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नमाज स्थल पर रमजान माह के पहले जुमा पर नमाज अता करते मुस्लिम बंधु।
- फोटो : BALLIA
बलिया। कोविड-19 महामारी के बीच रमजान माह के पहले जुमे को अकीदतमंदों ने मस्जिदों और इबादतगाहों में नमाज अदा कर अमन-चैन और कोरोना संक्रमण से मुक्ति के लिए दुआ की। नमाज अदा करने वालों की भीड़ लगी हुई थी। लेकिन मस्जिदों तथा नमाज स्थल पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मॉस्क पहनकर नमाज अदा की।
मस्जिदों में जुमा के नमाज की अदायगी के लिए साफ-सफाई के साथ बिस्तर का बिछना सुबह से ही शुरू हो गया था। सभी मस्जिदों में वजू के लिए पानी का इंतजाम किया गया था। नगर के विशुनीपुर मस्जिद, बड़ी मस्जिद, काजीपुरा स्थित मस्जिद, बहेरी मस्जिद, राजपूत नेवरी स्थित जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में रोजेदारों ने अकीदत के साथ जुमे की नमाज अदा करके तरक्की एवं खुशहाली के लिए दुआ की। इस मौके पर तकरीर में रमजान माह की फजीलत को बयान करते हुए कहा गया कि हदीस में आया है कि रोजे के दौरान तुमको अगर कोई बुरी बात कहे तो उसे बर्दाश्त करो, किसी की चुगली मत करो, गुस्सा से दूर रहो, खुद और अपनी जुबान पर काबू रखो। यतीमों और बेसहारा लोगों का भी ख्याल रखो। इसी क्रम में उमरगंज मस्जिद, आमडरिया स्थित मस्जिद, परमंदापुर, निधरिया व मिड्ढा स्थित मस्जिद में भी नमाजियों की भीड़ रही। वहीं, बेल्थरारोड स्थित जामा मस्जिद में रमजान माह के पहले जुमा पर मुस्लिम बंधुओं ने मॉस्क पहनकर नमाज अदा की।