वाराणसी। सरकार के निर्देश के बाद प्रवासियों को अधिक से अधिक रोजगार दिलाया जा रहा है। अब तक 700 प्रवासी श्रमिकों को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार दिलाया गया है। इनमें ज्यादातर श्रमिक करखियांव और चांदपुर औद्योगिक आस्थान में लगाए गए हैं। इनके अलावा निर्माण क्षेत्र में प्रवासी श्रमिकों को रोजगार दिलाया गया है।
उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने बताया कि श्रम विभाग की ओर से 12 हजार प्रवासी श्रमिकों की सूची मिली थी, जिसे अलग-अलग सेक्टरों में भेजा गया था। इनमें से 700 श्रमिकों ने काम करने के लिए सहमति जताई है। उन्हें काम पर रखा गया है। बाकी श्रमिकों को भी रोजगार दिलाया जाएगा। सूची में श्रमिकों के नाम, पता, मोबाइल नंबर और किस वर्ग में काबिलियत है। इसका जिक्र किया गया है। अब तक 32 हजार कुशल कारीगर पाए गए हैं।
ग्राम पंचायत स्तर पर तैयार की गई है प्रवासी श्रमिकों की सूची
सीडीओ मधुसूदन हुल्गी के अनुसार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान से सभी प्रवासियों को जोड़ा जा रहा है। बाहर से आने वाले सभी प्रवासी श्रमिकों का ग्राम पंचायत स्तर से डाटा तैयार किया गया है। अलग-अलग विभागों ने सूची तैयार की है। इन सब की फीडिंग श्रम विभाग के जरिए कराई गई है। सभी ब्लाकों में आने वाले प्रवासी मजदूरों के हुनर के अनुसार डाटा तैयार किया गया है। कौन कहां क्या काम करता था, इन सबका पूरा ब्यौरा दर्ज गया है। ताकि इसी आधार पर उन्हें रोजगार मुहैया कराया जा सके।