फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साथी से विवाद, गोली चली और कुख्यात आशीष चौबे ढेर

Fri, 08 May 2015 02:22 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
सिगरा थाना क्षेत्र की जयप्रकाश नगर कॉलोनी में बुधवार की रात मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र स्थित बरवां गांव के पचास हजार का इनामी बदमाश आशीष चौबे (24) की गोली लगने से मौत हो गई। पूर्वांचल की पुलिस के लिए सिरदर्द बने इस कुख्यात अपराधी का सात जिलों गोरखपुर, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, मिर्जापुर और भदोही में आतंक था। उस पर गंभीर अपराधों के 28 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस उसकी तलाश में थी। वह मऊ के डी नाइन गैंग से भी जुड़ा था।
विज्ञापन


बरवां गांव निवासी संजय चौबे के दो पुत्रों में आशीष बड़ा था। पुलिस से बचने के लिए वह सिगरा की जयप्रकाश नगर कॉलोनी में मऊ के ही चिरैयाकोट के 12 हजार के इनामी विक्रांत यादव के साथ एक लॉज में किराये पर रह रहा था। बुधवार की रात वह विक्रांत के साथ कमरे में टीवी देख रहा था। दोनों नशे में धुत थे। विक्रांत ने उससे कहीं चलने को कहा लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। विक्रांत की जिद से गुस्से में आए आशीष ने टीवी उठाकर पटक दिया।

विवाद बढ़ने के बीच पिस्टल से चली गोली आशीष की दाहिनी कनपटी पर लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर रात में ही पुलिस पहुंची। तब तक विक्रांत फरार हो गया था। पिस्टल भी नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से पुलिस को .32 का एक खोखा और चार जिंदा कारतूस बरामद मिले। गुरुवार की दोपहर डीआईजी एसके भगत, एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने एसपी क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। देर शाम तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।
विज्ञापन


मारे गए बदमाश की शिनाख्त मऊ के 50 हजार रुपये के इनामी आशीष चौबे के रूप में हुई है। उसने खुदकुशी की है, या फिर साथी ने गोली मारकर उसकी हत्या की है। इसकी छानबीन की जा रही है। परिवारवाले तहरीर देंगे तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- एसके भगत, डीआईजी  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें