भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी।
- फोटो : amar ujala
विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस पर आज वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी की ओर से मौन जुलूस व पैदल मार्च निकाला जाएगा। शाम 4:30 बजे पार्टी कार्यालय पर विभाजन विभीषिका विषय संगोष्ठी होगी। इसमें मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी होंगे। साथ ही कई मंत्री और विधायक के अलावा जिले के भाजपा नेता व पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि सोमवार की शाम चार बजे भारत माता मंदिर काशी विद्यापीठ से पार्टी कार्यालय गुलाबबाग सिगरा तक मौन जुलूस व पैदल मार्च निकाला जाएगा। प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि बंटवारे का दर्द अब भी परेशान करता है।
देश का विभाजन कांग्रेस की देन
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस की देन है। जवाहर लाल नेहरू ने मुस्लिम लीग के आगे घुटने टेक कर देश की सत्ता को स्वीकार किया। देश के बंटवारे के दर्द को भुलाया नहीं जा सकता है। भारतीय इतिहास में 14 अगस्त का दिन काला दिवस है। इस विभीषिका को भूला नहीं जा सकता है। नई पीढ़ी को इतिहास के काले अध्याय की जानकारी देना जरूरी है।