रेलवे ने प्लेटफॉर्म पर पार्सल की वजह से यात्रियों को होने वाली परेशानी से निजात दिलाने का रोडमैप तैयार किया है। डीआरएम उत्तर रेलवे एसके सपरा ने बताया कि पार्सल ट्रेनें भीड़भाड़ वाले यात्री स्टेशन की बजाय लोहता और व्यास नगर में सामान चढ़ाएंगी और उतारेंगी।
व्यास नगर और लोहता में गुड्स रखने के लिए शेड तैयार किया जाएगा। पार्सल और गुड्स ट्रेनें सीधे इन स्टेशनों पर भेजी जाएंगी। रेलवे ने श्रम उपलब्धता और संपर्क को ध्यान में रखकर किया है। रेलवे प्रशासन व्यापारियों से भी वार्ता करेगा। काशी स्टेशन के अलावा व्यासनगर स्टेशन की रिमॉडलिंग कराई जाएगी। गुड्स यार्ड में जाने वाली लाइन का दोहरीकरण होगा।
शिवपुर, लोहता और शाहगंज में ट्रेनों में भरा जाएगा पानी
कैंट स्टेशन यार्ड रिमॉडलिंग से पहले रेलवे प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीआरएम एस के सपरा ने बताया कि कैंट स्टेशन पर नॉन इंटर लॉकिंग के लिए मिलने वाले ब्लॉक के बाद ट्रेनों को दूसरे स्टेशन पर रोका जाएगा। ऐसे में उत्तर रेलवे के लोहता, शिवपुर और शाहगंज में ट्रेनों में पानी भरने की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। बताया कि शाहगंज के बाद अयोध्या में ट्रेनों में पानी भरने की व्यवस्था है। कैंट स्टेशन पर दो वॉशिंग लाइन बन चुकी है। दो और बनाई जाएंगी।
क्रॉसिंग के पास बनेंगे अंडरपास
रेलवे क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे शिवपुर और लोहता में पड़ने वाले क्रॉसिंग पर अंडरपास का प्रस्ताव तैयार है। मजूरी मिलते ही इसपर काम शुरू होगा। इसके बनने से सड़क जाम से मुक्ति मिलेगी। ट्रेन आने पर फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना होगा।
मालगोदाम रोड पर लोको रनिंग स्टाफ का नया ठिकाना
कैंट स्टेशन के डीजल लॉबी में रनिंग स्टाफ का नया ठिकाना मालगोदाम रोड पर बनकर तैयार है। अधिकारियों का कहना है कि लोको रनिंग स्टाफ को ट्रेन संचालन से पहले डीजल लॉबी साइन इन और साइन आफ करने जाना होता था। इसमें काफी समय लगता था। समय बचाने और लोको स्टाफ की सुविधा के लिए बदलाव किया जा रहा है।