काशी पत्रकार संघ और वाराणसी प्रेस क्लब की ओर से आयोजित 38वीं कनिष्क देव गोरावाला मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता का बुधवार को फाइनल मुकाबला हुआ। पराड़कर एकादश और हृदय प्रकाश एकादश के बीच खेले गए मैच में पराड़कर एकादश ने तीन विकेट से जीत हासिल की।
काशी पत्रकार संघ से संचालित वाराणसी प्रेस क्लब के बैनर तले आनंद चंदोला खेल महोत्सव के प्रथम चरण में क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतिम दिन बुधवार को डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में खेला गया। बुधवार को डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में टाॅस जीतकर पहले खेलते हुए हृदय प्रकाश एकादश ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 192 रन बनाए। अमित मिश्रा ने 32 गेंद में 5 चौके एक छक्के की मदद से 47 रन , इरफान ने 25 गेंद पर 42 रन (चार चौके, एक छक्के) सोनू ने 23 गेंद पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाए। पराड़कर एकादश के सागर यादव ने दो और दीनबंधु राय व श्री प्रकाश ने एक-एक विकेट लिया।
जवाबी पारी में पराड़कर एकादश ने 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर तीन विकेट से जीत दर्ज की। संतोष यादव ने 94 रन की पारी खेली। प्रशांत मोहन ने महत्वपूर्ण 31 रन बनाए। हृदय प्रकाश के पुरुषोत्तम ने तीन, इरफान और सोनू ने एक-एक विकेट लिया। पुरुषोत्तम चतुर्वेदी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, प्रशांत मोहन को सर्वश्रेष्ठ बैटर और सोनू को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। आरपी गुप्ता और मनोहर ने अंपायरिंग और नंदकिशोर यादव ने स्कोरिंग की। मैच के पश्चात मुख्य अतिथि नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और विशिष्ट अतिथि प्रमुख उद्योगपति मयंक अग्रवाल ने विजेता उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किया। मौके पर अतिथियों का स्वागत वाराणसी प्रेस क्लब के अध्यक्ष चंदन रुपानी मंत्री विनय शंकर सिंह कोषाध्याय संदीप गुप्ता काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्रा महामंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव और खेल आयोजन समिति के सचिव केबी रावत, सह संयोजक रोहित चतुर्वेदी वह पंकज त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष केडीयन राय, सुभाष सिंह, बीबी यादव, राजनाथ तिवारी, विकास पाठक, डॉक्टर अत्रि भारद्वाज मौजूद रहे। संचालक रोहित चतुर्वेदी और धन्यवाद ज्ञापन विनय शंकर सिंह ने किया।