आराजीलाइन ब्लॉक के पनियारा गांव को क्षेत्र के पहले मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को जिला प्रशासन ने रीन्यूएबल एनर्जी कंपनी रिन्यू के साथ जिला समझौता किया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने इस पहल की सराहना की और इसे प्रधानमंत्री के पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के विजन के अनुरूप बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना न केवल पनियारा बल्कि पूरे जिले के लिए एक मिसाल बनेगी। रिन्यू की सह-संस्थापक और चेयरपर्सन वैशाली निगम सिन्हा ने कहा पनियारा को एक मॉडल सौर गांव के रूप में विकसित करने का हमारा कार्य पीएम सूर्य घर: मॉडल सोलर विलेज पहल के दृष्टिकोण से पूरी तरह मेल खाता है। जो घरों और गांवों को भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा के केंद्र में रखता है। पनियारा गांव के घरों में 2 से 3 केवी के ऑन-ग्रिड सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। विशेष सब्सिडी के तहत लाभार्थियों को 1.30 लाख की लागत वाला सोलर प्लांट मात्र 13000 में दिया जाएगा। गांव के सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायत भवनों में सोलर प्लांट लगाए जाएंगे।