वाराणसी। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने चंद्रा चौराहे से कपिलधारा तक बन रहे पंचक्रोशी मार्ग का निरीक्षण किया। नाली की ईंट मंत्री ने उठाई तो सीमेंट के साथ हाथ में आ गया। गुणवत्ता पर सवाल उठाया। मंत्री के सवालों का जवाब पीडब्ल्यूडी के अधिकारी नहीं दे पाए। चेतावनी दी कि 1 माह में गुणवता सही नहीं हुई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
मंत्री ने मौजूद अधिशासी अभियंता से पूछा कि निर्माण के दौरान क्या इसकी गुणवता जांची गई थी। जांची गई तो कमी मिलने पर क्या कार्रवाई। यदि नहीं जांची गई तो वजह क्या थी। क्योंकि कोई भी निर्माण होने पर उसकी बीच-बीच में गुणवता देखी जाती है। क्षेत्रीय अवर अभियंता की यह जिम्मेदारी होती है कि प्रगति रिपोर्ट से उच्च अधिकारियों को बताए। जेई की रिपोर्ट को मांगा तो अधिकारी नहीं दिखा सके। मंत्री ने चेतावनी देते हुए अधिशासी अभियंता को एक माह के अंदर सड़क को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। एक माह बाद फिर सड़क की गुणवता देखने आऊंगा। सुधार नहीं होने पर स्थानीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संस्तुति की जाएगी। इस दौरान अधिशासी अभियंता को चेतावनी दी। प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में पंचकोसी मार्ग भी शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार पंचकोसी मार्ग का निरीक्षण करने के साथ लोक निर्माण विभाग को गुणवता पर विशेष ध्यान देने को कहा है। गुणवता में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री के निरीक्षण में सड़क की गिट्टी उखड़ी हुई थी। सड़क के किनारे लगे इंटरलाकिंग और नाली के ईंट की गुणवता काफी खराब थी।