वाराणसी। सेवापुरी ब्लाक के ओदरहां गांव में प्रत्याशी की मौत के बाद रविवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतदान हुआ। यहां 74.65 प्रतिशत मत पड़े। सुबह 9 बजे से ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क लगाकर लाइन में खड़े होकर मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सुरक्षा में लगे पुलिस के जवान सभी मतदाताओं से मास्क व दो गज की दूरी बनाकर खड़े होने की नसीहत दे रहे थे।
सुबह से लेकर शाम तक मतदाताओं के आने-जाने का क्रम जारी रहा। वहीं मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचे गांव के मंगरू ने बताया कि कोरोना से बचना भी है व मतदान करना जरूरी है। इसलिए हम अपना सभी कार्य छोड़कर सुबह ही मतदान करने आ गए हैं। सुबह भीड़ कम रहती है और आसानी से मतदान भी हो जाता है। पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि 74.65 प्रतिशत मतदान हुआ है। सभी मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में रख दिया है और 11 मई को मतगणना होगी। इसके अलावा 4 प्रधान की रिक्त सीटों और एक जिला पंचायत की रिक्त सीट पर बाद में पुनर्मतदान होगा उसके लिए आयोग की ओर से तारीख की घोषणा की जाएगी।
इनसेट-----
सुबह 9 बजे 13 प्रतिशत
11 बजे 28.25 प्रतिशत
1 बजे 52 प्रतिशत
3 बजे 65.25 प्रतिशत
5 बजे 73.53 प्रतिशत
6 बजे 74.65 प्रतिशत