वाराणसी। पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य के परिणाम आने के साथ ही ब्लॉक प्रमुख पद पर जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। इसमें सभी पार्टियों के दिग्गज नेता जुट गए हैं। भाजपा सपा सहित अन्य पार्टियां अपने अपने तरीके से ब्लाक प्रमुख बनाने में जुटी हैं।
ब्लाक प्रमुख की आठ में से तीन चिरईगांव, बड़ागांव, हरहुआ को छोड़कर बाकी पांच सीटें आरक्षित की गई हैं। इन्हीं पांच ब्लाकों पर टक्कर रहेगी। इसमें बड़ागांव, हरहुआ, पिंडरा ब्लाक प्रमुख हैं। हालांकि बड़ागांव पर सबकी निगाहें रहेंगी। चिरईगांव ब्लाक में दावेदारी करने वाले एक प्रत्याशी चुनाव हार गए हैं।
काशी विद्यापीठ ब्लाक प्रमुख के लिए निवर्तमान ब्लाक प्रमुख प्रवेश पटेल की पत्नी रेनू पटेल निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। वहीं निर्विरोध निर्वाचित साधना ऊर्फ रीना भी दावेदार हैं। चोलापुर ब्लाक सुरक्षित होने के चलते यहां दावेदारी ज्यादा नहीं है। पिंडरा ब्लाक प्रमुख के लिए तीन दावेदार हैं। रामपुर ग्रामसभा से रंजीत कुमार, मुर्दी गांव के जाठी वार्ड से शरद कुमार यादव और नंदापुर से सुनील यादव निर्विरोध हो चुके हैं। सेवापुरी ब्लाक ओबीसी है। यहां कपसेठी हाउस एक महिला को निर्विरोध बीडीसी बना चुका है। इनकी दावेदारी तगड़ी मानी जा रही है। बड़ागांव ब्लाक प्रमुख का पद सामान्य होने से यहां प्रमुखी के दावेदारों की संख्या अधिक है। अनेई से दीपक सिंह व बचोरा से नूतन सिंह निर्विरोध निर्वाचित हैं। नूतन सिंह और दीपक सिंह को प्रबल दावेदार माना जा रहे हैं। वहीं अखोढ़ा गांव के सत्येेंद्र सिंह दावेदारी कर सकते हैं। हरहुआ ब्लाक प्रमुख के तीन प्रमुख दावेदार हैं। तीनों निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। एक पूर्व ब्लाक प्रमुख डा. अशोक पटेल के पुत्र रवि पटेल हैं। दूसरे शक्ति सिंह उर्फ राजन सिंह तथा तीसरे विनोद उपाध्याय हैं। तीनों ही प्रमुख होने के लिए काफी दिनों से लगे हुए हैं।