टूर ऑपरेटर सुधांशु सक्सेना ने बताया कि जम्मू-कश्मीर जाने का यही सीजन होता था। मां वैष्णो देवी का अधिकतर लोगों ने पहले से बुकिंग करा रखी थी, लेकिन आतंकी घटनाओं को देखते हुए लोगों ने अपने टूर कैंसिल कर दिए। 500 से अधिक लोगों ने टूर की बुकिंग निरस्त कराई है।
टूर ऑपरेटर प्रदीप राय ने बताया कि आतंकी घटनाओं को देखते हुए वैष्णो देवी जाने वालों ने अपने टिकट निरस्त कराएं हैं। रेल आरक्षण पर्यवेक्षकों ने बताया कि जम्मू से वाराणसी लौटने वाली नियमित और स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें मिल रही हैं। 15 मई के बाद की ट्रेनों के स्लीपर, एसी में सीटें मिल रही हैं।
रोजाना 500 यात्री करा रहे हैं विमान की बुकिंग निरस्त
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को देखते हुए बंद हुए देश के 28 एयरपोर्ट के यात्रियों ने अपना-अपना टिकट निरस्त करा रहे हैं। एयर कंपनियों ने फुल रिफंड भी देना शुरू किया है। बुधवार और बृहस्पतिवार को लगभग 400-500 यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल कराए हैं।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट को छोड़ शेष एयरपोर्ट के लिए वाराणसी से कोई भी सीधी उड़ान नहीं है, लेकिन जो यात्री कनेक्टिंग विमान से गर्मी की छुट्टियां मनाने शिमला, मनाली, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, अमृतसर, जैसलमेर सहित अन्य शहरों में जाने के लिए टिकट की बुकिंग करवा चुके थे, अब उन यात्रियों को विमानन कंपनियां फुल रिफंड या यात्रा की तिथि आगे बढ़ाने का निशुल्क विकल्प दे रही हैं। जबकि इससे पहले टिकट निरस्त करने पर काफी पैसे का नुकसान होता था। लगभग 80 प्रतिशत तक पैसा वापस नहीं हो पाता था।