सावन माह में कैंट स्टेशन की सुरक्षा पीएसी के हाथों में होगी। सोमवार को दो प्लाटून पीएसी और जीआरपी प्रयागराज लाइन से कैंट स्टेशन पहुंची। वहीं, रेल संपत्ति की सुरक्षा और यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ जवानों की ड्यूटी चार घंटे और बढ़ा दी गई। अब वह आठ घंटे की शिफ्ट की जगह 12 घंटे की ड्यूटी करेंगे। स्टेशन के कंट्रोल रूम में भी अतिरिक्त आरपीएफ जवान और रेल कर्मियों को तैनात किया जा रहा है। ताकि निगरानी व्यवस्था और बेहतर की जा सके। कांवरियों के कैंट स्टेशन पर पहुंचने का क्रम शुरू हो चुका है। सोमवार शाम को जीआरपी, आरपीएफ और पीएसी जवानों ने पेट्रोलिंग की। यात्रियों व कांवरियों को जीआरपी-आरपीएफ ने आगाह किया किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
विज्ञापन
बिना प्याज और लहसुन के मिलेगा भोजन
कैंट स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने बताया कि कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसर की 24 घंटे निगरानी शुरू हो गई है। सावन को देख स्टेशन के फूड प्लाजा और खाद्य स्टॉल संचालकों से बिना लहसुन और प्याज के खाना परोसने की बात कही। जीआरपी के 83 जवान रहेंगे तैनात कैंट स्टेशन के जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि प्रयागराज लाइन से दो सब इंस्पेक्टर समेत 83 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल की फोर्स स्टेशन पर बुला ली गई है। पीएसी की एक प्लाटून पहले से थी। एक प्लाटून पीएसी और बुलाई गई है। जीआरपी थाने की फोर्स को भी अलर्ट पर रखा गया है।