वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 69वां जन्मदिन काशी में मना सकते हैं। पीएम के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। परियोजनाओं के लोकार्पण से जन्मदिन पर काशीवासियों को रिटर्न भी दे सकते हैं। इस दौरान पीएम मोदी जनसंवाद भी कर सकते हैं।
दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी का यह पहला काशी दौरा होगा। पीएम के आगमन का संकेत मिलने के बाद भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रशासन उनके स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। पूरी होने वाली परियोजनाओं के लोकार्पण और कुछ नई परियोजनाओं के शिलान्यास की योजना बनाई जा रही हैं। सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री 17 सितंबर को एक दिवसीय दौरे पर काशी आ सकते हैं और इस दौरान कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। जन्मदिन पर विशेष आयोजनों की रुपरेखा तैयार करने को कहा गया है और इस पर अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री कार्यालय लेगा।
यहां बता दें कि पिछले साल 68वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर काशी आए थे और बच्चों के साथ उन्होंने अनूठे अंदाज में जन्मदिन मनाया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जनसभा और रिटर्न गिफ्ट के रुप में काशीवासियों को सैकड़ों करोड़ रुपये के परियोजनाओं की सौगात भी दी थी। पीएम के काशी भ्रमण के दौरान सड़कों पर लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया था। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो 17 सिंतबर को पीएम के काशी आगमन की रुपरेखा तैयार की जा रही है।