केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए डिजिटल पढ़ाई का नया विकल्प सामने आया है। अब छात्रों को दीक्षा एप प्लेटफॉर्म पर 845 से अधिक वर्चुअल लैब्स और डिजिटल लर्निंग रिसोर्स मिलेंगे। इनमें से अधिकांश लैब्स विज्ञान और गणित विषय से संबंधित हैं जिन्हें एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम के अनुसार तैयार किया गया है। सीबीएसई की जिला समन्वयक नीलम सिंह ने बताया कि इस संबंध में वाराणसी के संबद्ध स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। स्कूलों के प्राचार्यों से कहा गया है कि वे विद्यार्थियों और शिक्षकों तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें इसके उपयोग के लिए प्रोत्साहित करें। दीक्षा पोर्टल और मोबाइल एप पर वर्चुअल लैब्स को कक्षा, विषय और अध्याय के हिसाब से श्रेणीबद्ध किया गया है। यदि किसी छात्र को विज्ञान के किसी खास चैप्टर का कॉन्सेप्ट समझना है, तो वह सीधे उसी से जुड़ी लैब चुन सकता है। एनसीईआरटी की किताबों में दिए गए क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करके भी सीधे संबंधित वर्चुअल लैब तक पहुंचा जा सकता है।