महाकुंभ से काशी आए नागा साधुओं की सेहत को लेकर आईएमएस बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. वीएन मिश्रा ने खास पहल की है। घाटवॉक के तहत वह अपने सहयोगियों के साथ घाट ओपीडी चला रहे हैं। इसके माध्यम से नागा साधुओं के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान कई साधुओं के फेफड़े में इंफेक्शन और एलर्जी की समस्या मिल रही है।
महाकुंभ में करीब महीने भर तक प्रयागराज में गंगा किनारे रहने के बाद बड़ी संख्या में नागा साधु काशी आ रहे हैं। इनमें किसी को सर्दी-जुकाम है तो कोई एलर्जी से परेशान है। प्रो. वीएन मिश्रा ने बताया कि संगम किनारे रहने के दौरान रेत के कण शरीर में आ गए हैं। इससे उन्हें ये समस्या हो रही है। बताया कि घाटवॉक के तहत नियमित ओपीडी चलाई जा रही है। हर दिन शाम 5 बजे टीम के साथ शिवाला, दांडीघाट, हनुमान घाट, शंकराचार्य घाट सहित अन्य घाटों पर ये ओपीडी चल रही है। अब तक करीब 50 से अधिक साधुओं को इसका लाभ पहुंचाया गया। मौके पर बीपी जांच व अन्य जरूरी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर बीएचयू में भी उपचार करवाया जाएगा।