उत्तर प्रदेश में शराब बंदी लागू कराने के लिए आंदोलन का आगाज सुहेलदेव भासपा ने बलिया की धरती से किया। रविवार को बलिया के टीडी कॉलेज मैदान में पार्टी के महिला मंच द्वारा आयोजित महिला सम्मेलन में उमड़ी भीड़ से प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर गदगद नजर आए।
उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित 27 फीसदी आरक्षण में विभाजन की बात मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मान ली है। अब गरीब पिछड़ों के बेटे भी डाक्टर इंजीनियर बन सकेंगे। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि शराब बंदी के साथ ही विकास के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है।
कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है, शिक्षित व्यक्ति शेर की तरह दहाड़ता है जबकि अशिक्षित व्यक्ति हमेशा सियार की तरह दुबका रहता है और दर-दर भटकता है। कैबिनेट मंत्री के आह्वान पर जन समूह ने हाथ उठा कर इशारा किया कि उन्हें राशनकार्ड नहीं मिला है।
कहा कि अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। बताया कि पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित 27 फीसदी आरक्षण में विभाजन की बात मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मान लिया है। बताया कि पिछड़ा, अति पिछड़ा व सर्वाधिक पिछड़ा के बीच विभाजन होने से गरीबों का बेटा भी डाक्टर, इंजीनियर, दरोगा, बाबू आदि बन सकेंगे।
कहा भाजपा से गठबंधन है और यह गठबंधन 2024 तक रहेगा। कहा कि गरीबों व पिछड़ों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। अंत में उपस्थित भीड़ से कहा कि बिना उनके निर्देश के किसी भी रैली नहीं जाना है और अगर कोई गया तो उसे ओमप्रकाश का श्राप होगा, उसे पीलिया हो जाएगा। पीलिया तब ठीक होगा जब ओमप्रकाश दवा करेंगे।