वाराणसी। बीएचयू में 21 मई से ऑनलाइन कक्षाएं एक बार फिर से शुरू होंगी। कार्यालयों में भी रोटेशन सिस्टम से 50 प्रतिशत कर्मचारियों को बुलाया जाएगा। यह व्यवस्था इमरजेंसी सेवा पर नहीं लागू होगी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से पिछले दिनों ऑनलाइन क्लास भी बंद हो गई थी। अब प्रभारी वीसी प्रो. वीके शुक्ला की अध्यक्षता में 19 मई को विभिन्न संस्थानों के निदेशक, संकाय प्रमुखों की ऑनलाइन बैठक में 21 मई से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू करने पर फैसला लिया गया। रोटेशन के आधार पर जो कर्मचारी जिस दिन कार्यालय में उपस्थित नहीं रहेंगे वह घरों से ही काम करेंगे। जरूरत पड़ने पर विभागाध्यक्ष कार्यालय अध्यक्ष द्वारा 50 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों को बुलाया जा सकता है। पीआरओ डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि कर्मचारियों के बुलाने के लिए रोटेशन का फैसला इमरजेंसी सेवा जैसे सर सुंदरलाल अस्पताल, ट्रामा सेंटर, सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, फार्मेसी, डेयरी, कृषि फार्म पर नहीं लागू रहेगा।