भोले की नगरी काशी से कामाख्या धाम(गुवाहाटी) जाना अब और आसान हो गया है। शुक्रवार से यात्रियों की सुविधा के लिए इंदौर-गुवाहाटी-इंदौर वाया वाराणसी, गाजीपुर, छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा।
यह एक्सप्रेस ट्रेन सात जुलाई को इंदौर से तथा नौ जुलाई को गुवाहाटी से विशेष गाड़ी के रूप में किया जाएगा। इसके बाद नियमित गाड़ी साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 13 जुलाई से प्रत्येक गुरुवार को इंदौर से तथा 16 जुलाई से प्रत्येक रविवार को गुवाहाटी से किया जाएगा।
विशेष गाड़ी इंदौर से दोपहर 12 बजे प्रस्थान करेगी, जो वाराणसी से 09:30 बजे और गुवाहाटी दोपहर 12:25 बजे पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन गुवाहाटी से रात 11:25 बजे चलेगी जो वाराणसी दो बजे होते हुए इंदौर पहुंचेगी।
नियमित गाड़ी संख्या 19305 इंदौर-गुवाहाटी साप्ताहिक एक्सप्रेस इंदौर से अपराह्न बाद दो बजे प्रस्थान कर वाराणसी 11:45 बजे और गुवाहाटी अपराह्न 2:25 बजे पहुंचेगी। वापसी में गाडी संख्या 19306 गुवाहाटी-इंदौर एक्सप्रेस गुवाहाटी से 05:15 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन 5.10 बजे वाराणसी और उसके अगले दिन 07:10 बजे इंदौर पहुंचेगी।
इसमें साधारण श्रेणी के तीन, शयनयान 10, एसी-3 के दो तथा एसी-2 का एक कोच लगाया जाएगा।
सात ज्योतिर्लिगिं दर्शन कराएगा आईआरसीटीसी
रेलवे स्टेशन
आईआरसीटीसी श्रद्धालुओं को सात ज्योतिर्लिगिं की यात्रा कराएगी। भारत दर्शन सात ज्योतिर्लिंग यात्रा ट्रेन का संचालन चार अगस्त से 15 अगस्त तक संचालित की जा रही है। जो 11 रात तथा 12 दिन का पैकेज है। पैकेज मूल्य 10080 रुपया है। इसके अंर्तगत महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, त्रयंबकेश्वर व घृणेश्वर ज्योतिर्लिगिं दर्शन कराए जाएंगे। इस ट्रेन में बैठने की सुविधा वाराणसी, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, गोंडा, लखनऊ, कानपुर, आगरा, ग्वालियर एवं झांसी से उपलब्ध है।