आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में गुरुवार सुबह में पंखा ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से वीरेंद्र कुमार यादव(50) की मौत हो गई। वहीं, हाइटेंशन लाइन से केबल छूने से कई लोगों के बिजली उपकरण भी जल गए।
शाहपुर मोहल्ले की लाइट खराब थी। बुधवार को लोगों ने इसकी सूचना लाइनमैन को दी। लाइनमैन ने आकर लाइन को दुरुस्त कर दिया। इस दौरान केबल एचटी लाइन से छू गई थी। रात में करीब ढाई बजे जैसे ही बिजली आई, मोहल्ले में किसी का पंखा जला तो किसी का इन्वर्टर जल गया। काफी लोगों को नुकसान हुआ है।
वीरेंद्र का भी पंखा जल गया था। रात पंखा ठीक करते समय उसकी अंगुली ने गलती से पंखे से छू गई। इसी समय उन्हें करंट लग गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वीरेंद्र कोलकाता में रहकर ट्रक चलाता था। लॉकडाउन में ही घर पर आया था। मृतक का एक पुत्र और एक पुत्री है। बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों में आक्रोश है।