पत्थरगली हौजकटोरा निवासी सरवर अली को उसकेे घर से दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने 151 किलोग्राम 500 ग्राम प्रतिबंधित चीनी मांझे के साथ शनिवार को गिरफ्तार किया। बरामद चीनी मांझा पुलिस ने जब्त कर लिया है।
एसीपी दशाश्वमेध अवधेश कुमार पांडेय ने बताया कि दशाश्वमेध थाने से कुछ दूरी पर सरवर अली का मकान है। सूचना मिली थी कि सरवर अली अपने घर से प्रतिबंधित चीनी मांझा बेचता है। सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को सरवर अली के घर पर चीनी मांझा खरीदने के लिए भेजा गया। वह आदमी चीनी मांझा खरीद कर ले आया। इस पर दशाश्वेमध थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह के नेतृत्व में दरोगा पंकज कुमार पांडेय, विपिन पांडेय व अंकिता साहू की टीम ने सरवर अली के घर पर छापा मारा। तलाशी में 151 किलोग्राम 500 ग्राम चीनी मांझा बरामद हुआ। बरामद चीनी मांझे को जब्त कर दशाश्वमेध थाने में सरवर अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।