उन्नाव गैंगरेप में फंसे भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बीजेपी के सहयोगी पार्टी सुभासपा के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सीधा हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी पर कसते हुए कहा कि सेंगर अगर मेरी पार्टी में होते तो उन्हें अबतक बाहर कर दिया जाता।
उन्होंने कहा कि सेंगर के इस करतूत से जनता के बीच भाजपा पार्टी और नरेंद्र मोदी के प्रति गलत संदेश गया है। जिसका भुगतान पार्टी को आगामी चुनाव पर भरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी अभी तक अपने विधायक के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं की है।
वहीं, अगर कुलदीप सिंह मेरे पार्टी के होते और ऐसा करतूत किए होते तो वह कब के पार्टी से बर्खास्त हो गए होते। गुरुवार को वाराणसी पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्नाव प्रकरण से सरकार की काफी किरकिरी हुई है।
बता दें कि बीजेपी के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर मंत्री बनने के बाद से लगातार बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमलावर रहे हैं।
राहुल गांधी के बहाने पीएम मोदी पर कटाक्ष
om prakash rajbhar
- फोटो : self
वाराणसी पहुंचे ओम प्रकाश राजभर ने अमेठी को कैलिफोर्निया बना देने वाले राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सब चुनावी जुमलेबाजी है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भी परोक्ष रूप से तंज कस दिया।
कहा कि चुनाव आते ही कोई कोई कैलिफोर्निया , कोई काशी को क्योटो, कोई सिंगापुर तो कोई मंदिर-मस्जिद बनाने की बात करता है। जबकि इसका हकीकत से नाता नहीं है।
ओमप्रकाश राजभर ने एटीएम में कैश की किल्लत पर कहा कि लगन, शादी-विवाह के माहौल के कारण यह समस्या हुई है। जैसे दूध 25, 30 रुपये लीटर बिकता है लेकिन लगन में 80 रुपये लीटर तक बिक जाता है।
सीएम योगी को बताया कमजोर मुख्यमंत्री
गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने प्रदेश सराकर पर भी निशान साधा। उन्होंने कहा की इस व्यवस्था में सिपाही से लेकर आईएएस और आईपीएस अफसर तक मुख्यमंत्री की बात को अनसुना कर दे रहे हैं।
तहसीलों और थानों पर जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री तक को है लेकिन उनकी बात कोई सुनने को तैयार ही नहीं है। कैबिनेट मंत्री यहीं नहीं रुके, पिछड़ी जाति के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा कि पिछड़ी जाति के छात्रों की छात्रवृत्ति में योगी की सरकार बड़े पैमाने पर धोखा कर रही है।
20 से प्रदेश भर में शराबबंदी अभियान
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बिहार और गुजरात की दर्ज पर यूपी में भी शराबबंदी की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरे प्रदेश में 20 मई से अभियन चलाया जाएगा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उन्होंने कहा कि पार्टी की तैयारी शुरू है। भाजपा गठबंधन से चुनाव लड़ेंगे या अकेले इसका सवाल को उन्होंने टाल दिया। कहा कि वक्त आने दीजिए।